"जहाँ मैं हूँ..."
(उपन्यास)-1
चार भाई बहन में सबसे छोटा था सुदीप....जन्म से पहले कच्चे मकान में रहता था परिवार... सुदीप के आने की सुचना मात्र के समय से नया पक्का मकान बनने लगा.. आलम देखिये कि इधर पक्का मकान बनकर तैयार हुआ और उधर शिशु का आगमन हुआ.. साढ़े पांच किलो वजन का हस्ट पुष्ट बालक...मोहल्ले में शोर मच गया कि बड़ा मोटा-ताज़ा बेटा हुआ है... नए मकान में नयी खुशियां...पिताजी को लगा कि लड़का भाग्यवान है..जिसके आने की खबर मात्र से मेरा नया मकान बन गया.. सारे परिवार का ध्यान जैसे उस एक नवजात बालक पर केन्द्रित हो गया...सुप्रिया भाई के पास आती और उसे छूकर चली जाती.. माँ को देखती तो मायुस हो जाती... उसे लगता माँ अब मेरे लिए खाना भी नहीं बनाती..ऐसा क्या हुआ माँ को.. और ये बच्चा जिसे सब मेरा छोटा भाई कह रहे हैं ये क्यों आया.. अब माँ किसी को नहलाती भी नहीं... दादी कहती है- बेटा अभी ४० दिन माँ जच्चा घर में रहेगी...सुप्रिया हर बात पर गौर करती जैसेउसे सब पारिवारिक दायित्व अभी से शिख लेने हैं सुप्रिया बमुश्किल साढ़े तीन चार साल की होगी.. ६ दिन बाद घर में त्यौहार जैसा माहौल था.
सुप्रिया ने दादी से पूछा -"दादी आज क्या हो रहा है?'
"मेरी बच्ची आज तेरे भाई की छटी है.."
"ये छटी क्या होती है दादी.."
"जब कोई बच्चा होता है तो छ: दिन बाद जच्चा बाहर निकलती ही..उसे छटी कहते हैं.."
"आज क्या होगा ?"
"आज सब घर परिवार वालो का खाना हमारे घर में होगा..डाल चवन और रोटियां बनेगीं ..तेरी सारी दादियाँ और ताइयाँ खाना बनायेंगी..."
"दादी मैं भी खाना बनाउंगी"
"मेरी बच्ची अभी तू छोटी है. जब बड़ी हो जाएगी तो सारा काम सीख लेना..लड़कियों के भाग्य में तो सारे काम लिखें हैं..."
दादी मेरा भाई भी खाना खायेगा."
"पहली.. वो अभी ६ महीने माँ का दूध पिएगा.. फिर उसे ऊपर का कुछ खिलाना शुरू करेंगे..अभी तो तू अपने बड़े भाई सुकेश और छोटे भाई नीलू के साथ खाना खाना.."
दादी सुकेश भैया मुझे मारते हैं..मैं उनके साथ नहीं खाने वाली... और नीलू की नाक बहती रहती है.."
"चल पगली वो तेरे भाई हैं..ऐसे नहीं बोलते... एक तेरा बड़ा भाई है और दूसरा छोटा..."
"दादी मेरा भाई तो छोटू है ..मेरा छोटू.. हम उसका नाम छोटू रख दें.."
"चल पगली, छोटू कोई नाम थोड़े ना होता है.. "
"एक बात बता दादी ये तू मुझे चल पगली--चल पगली क्यों बोलती है..मैं दादा से तुझे पिटवाउंगी..."
"अच्छा तेरा दादा मुझे पीटेगा?उसे रोटी नहीं खानी "
जैसे जैसे सुदीप थोडा बड़ा होता गया.. सुप्रिया का दुलारा बनता गया.. माँ ने चालीस दिन बाद घर के काम देखने शुरू किये.. तो सुप्रिया सुदीप को गोद में लेकर बैठने लगी.. स्कूल तो अभी सुकेश के अलावा कोई जाता नहीं था..सुदीप ने अपनी उम्र से पहले ही बैठना और घुटनों के बल चलना शुरू कर दिया..नौ महीने का हुआ तो खड़ा होकर चलने लगा.. पास पड़ोस की औरतें आती तो कहती- अरे देखो सुदीप कैसे पैर उठाता है.. अमूमन बच्चे 1 साल के होते हैं तो पहला कदम रखते हैं.. जब सुप्रिया किसी को भाई के बारे में कुछ कहते सुनती.. तो कहती- "चाची मेरे भाई को नजर मत लगाओ.."
चाचियाँ उसकी बात पर हँस देती. अभी सुदीप ११ महीने का हुआ ...उसे बुखार हुआ ..सारा शरीर आग सा ताप रहा था.. माँ ने उसे डाक्टर के पास ले जाने का उपाय सोचा.. पिताजी ऑफिस गए हुए थे.. दादी ने बीच में अडंगा लगा दिया.. -"तू घर की बहु है अकेले लड़के को लेकर जाएगी.. जयें का पानी उबाल कर पिला दे.. ठीक हो जायेगा..बड़ी आई डाक्टर के पास जाने वाली.."
माँ दादी के सामने बोलती नहीं थी.. दादी ने डाक्टर के पासा नहीं जाने दिया.. शरीर का ताप बढ़ता ही जा रहा था.. माँ ठन्डे पानी की पट्टी उसके सर पर रखती.. बदलती.. शाम हुई तो पिताजी घर आये,, बेटे को हाथ लगाया बदन अभी भी ताप रहा था.. माँ को साईकिल पर बैठा शहर के डाक्टर के पास ले गए.. पैर लटके हुए थे कोई हलचल नहीं हो रही थी.. डाक्टर के चेक अप किया ... और बताया --"मास्टर साहब इसे पोलियो हुआ है.."
पिताजी अध्यापक थे तो पोलियो का नाम सुन रखा था..माँ इस नाम से अनजान थी.. पुच बैठी -"डाक्टर साहब ये पोलिय क्या होता है?"
बहन जी जिसे लोग आम बोल चाल में फालिस कहते हैं.. अब ये लड़का चल फिर नहीं पायेगा.., मैं बुखार की दावा दे देता हूँ..." यहाँ इसका अभी कोई इलाज नहीं.. हाँ जिले में एक डाक्टर सलूजा हैं वो कुछ कर दें तो आपका भाग्य.. ये बीमारी बड़ी ख़राब है ..इससे नसें मर जाती है खून का दोर बंद हो जाता है.."
माँ तो रोते ही लगी... रोते रोते बुरा हाल था.. शाम घिर आई थी.. पिताजी माँ और सुदीप को लेकर घर आये.. घर आकर दादी ने पूछा क्या हुआ? पिताजी हरीप्रसाद ने बताया -माँ तेरे पोते को फालिश मारा है.."
दादी ने सुन तो रोना शुरू.. सुप्रिया सब देख रही थी.. बोली किसी से नहीं उसे समझ नहीं आया कि उसके छोटू को क्या हुआ? बस समझ रही थी कि कुछ गलत हुआ है.. उसका छोटू रोये जा रहा था.. माँ से पूछा _माँ मेरे छोटू भाई को क्या हुआ ..ये रोता चुप क्यों नहीं होता..?"
माँ ने बेटी को गले लगा लिया..-"कुछ नहीं मेरी बच्ची ..बुखार है ठीक हो जायेगा.."
"माँ ये तो आज रोज़ की तरह पैर भी नहीं चला रहा.. माँ, भाई ठीक तो हो जायेगा ना?"
माँ ने बेटी से सुना तो उसकी रुलाई फूट गयी...सुप्रिया को समझ ही नही आया कि माँ क्यों रो रही है...
डॉ. भार्गव के सुझाव को मान पिताजी सुदीप को लेकर जिले के नामी गिरामी डॉ.सलूजा के पास गए..डॉ सलूजा के क्लिनिक में पोलियो के मरीजों की भीड़ थी... पर्ची कटवा कर माँ और पिताजी अपनी बारी का इं तज़ार करने लगे.. माँ बेहद परेशान...पिताजी चिंताकुल.. अपनी बारी आने पर सुदीप को ले डॉ के केबिन में गए.. डॉ ने चेक अप किया और बड़े अनोखे अंजाद में बोला-" भाई साहब पोलियो बेहद खतरनाक बीमारी है..और इस बच्चे को इसका असर दायें पैर में ज्यादा है.. असर बाएं पैर में भी है..इसका इलाज लम्बा चलेगा.."
डॉ साहब ये रोग कैसे होता है ? क्या ये बुखार में हवा लगने वाला रोग है?"
"नहीं ऐसा कुछ नहीं है दरअसल लोग इस रोग के लक्षण और वजह दोनों ही नहीं जानते. इसलिए गलत फहमी पाल लेते है...पोलियो एक संक्रामक रोग है जो पोलियो विषाणु से मुख्यतः छोटे बच्चों में होता है। यह बीमारी बच्चें के किसी भी अंग को जिन्दगी भर के लिये कमजोर कर देती है। "
"लेकिन ये होता कैसे है "--पिताजी अध्यापक थे तो उन्हें ये सब जानने की उत्सुकता थी...
"मल पदार्थ से पोलिया का वायरस जाता है। ज्यांदातर वायरस युक्त भोजन के सेवन करने से यह रोग होता है। यह वायरस श्वास तंत्र से भी शरीर में प्रवेश कर रोग फैलाता है।"
डॉ. साहब ये तो आप एक दम नयी बात बता रहे हैं..."
जी भाईसाहब दरससल लोगो को इस बारे में अल्प ज्ञान है इसलिए भ्रांतियां पाल लेते हैं.."
"लेकिन डॉ साहब ये नसों को मारता है और हड्डिय भी कमजोर करता है.."
"नहीं,, पोलियो मॉंसपेशियों व हड्डी की बीमारी नहीं है बल्कि स्पायइनल कॉर्ड व मैडुला की बीमारी है। स्पाइनल कॉर्ड मनुष्य का वह हिस्सा है जो रीड की हड्डी में होता है।"
इसका मतलब तो ये हुआ कि स्पाइनल कॉर्ड की बीमारी होने के कारण मरीज ठीक नहीं हो सकता..."
"ऐसा भी नहीं है.. वैसे तो लोगो का मानना है कि ये रोग लाईलाज है लेकिन मैं एक डॉ. हूँ मेरा फर्ज है कोशिश करना.."
"लेकिन क्या आप इसके इलाज की गारंटी लेंगे.."
"देखिये...डॉ. कोई भगवान् नहीं होता... उसका फर्ज होता है कोशिश करना"
"अच्छा डॉ. साहब ये लकवा जैसा तो नहीं है?"
"लोगो में ये भी भ्रान्ति है कि ये लकवा है ... पोलियो वासरस ग्रसित बच्चों में से एक प्रतिशत से भी कम बच्चों में लकवा होता है।"
"पोलियों जायदातर बच्चो को ही क्यों होता है?"
"ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बच्चों में पोलियों विषाणु के विरूद्व किसी प्रकार की प्रतिरोधक क्षमता नहीं होती है इसी कारण इसका वायरस बच्चों को अपनी गिरफ्त में ले लेता है.."
"डॉ साहब आप मेरे बच्चे को ठीक कर दीजिये..."
"कोशिश करना मेरा फर्ज है...आप बाहर काउंटर पर फीस जमा करा दीजिये.. मैंने दवाई लिख दी है..मेरा कम्पौंडर दवाई बना देगा, "
“जी डॉ साहब."-.कहकर पिताजी बाहर आये.. .कम्पौंडर ने दवाई का पुडा हाथ में थमा दिया और १०० रूपये फीस मांगी.. पिताजी की तन्खवाह बमुश्किल १५० रूपये माहवार.. और डॉ की एक विजिट की फीस १०० रूपये.. सुनकर पिताजी कुछ चौंकें. पूछा-"ये फीस पूरे महीने की है?"
"नही भाई साहब, ये एक बार की फीस है... अभी पंद्रह दिन की दवाई दी है अगली विजिट पर डॉ साहब देखेंगे कि दवा असर कर रही है या नहीं.. असर करेगी तो ये ही दवा दी जाएगी नहीं तो फिर दवा बदल देंगे.."
..फीस जमा करके पिताजी बाहर आये... बस पकड़ कर घर वापिस पहुंचे.. दिमाग घूमता रहा... १०० रूपये फीस ...और महीने में कमाई १५० रूपये.. और तीन बच्चे .... साथ में माँ और पिताजी भी.....बड़े भाइयों का कोई सहारा नहीं.. कैसे होगा ..कहाँ से पैसा आएगा.. कैसे इलाज होगा...लगातार दो साल तक डॉ. सलूजा का इलाज चलता रहा लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ..पिताजी ने अपना और बच्चो का पेट काटकर इलाज में पैसा लगाया लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला तो कहीं और इलाज कराने का सोचा..
किसी ने बताया कि दिल्ली के नारायण विहार में एक डाक्टर हैं जो पोलियों का इलाज करते हैं.. माँ पिताजी दोनों सुदीप को लेकर नारायण विहार आ गए.. डाक्टर से बात हुई फिर वही जबाब मिला... डॉक्टर भगवान नहीं होता ... कोशिश ही कर सकता है.. आपको बच्चे को लेकर हफ्ते में दो बार आना होगा..
"आप इलाज कैसे करते हो?"-- पिताजी ने जिज्ञासा प्रकट की..
"हम बिजली की मशीनों से शरीर में झटके देकर खून का दौर पुनः चालू करने की तकनीक से इलाज करते हैं इससे नसों में जमा खून फिर से शरीर में प्रवाहित होना शुरू हो जाता है"--डॉ मुद्गल ने बताया...
पिताजी को अजीब लगा लेकिन क्या कर सकते थे.. औलाद का दुःख ही माँ-बाप के लिए सबसे बड़ा दुःख होता है.. एक आश की किरण की तलाश में मास्टर हरी प्रसाद जगह जगह की खाक छान रहे थे..बस बेटे को कहीं से आराम लग जाए...ये ही उम्मीद लेकर उन्होंने इलाज करने का फैसला कर लिया..
अब समस्या थी कि प्राइवेट स्कूल की नौकरी से छुट्टी लेकर कैसे इलाज कराया जाये.. बड़े ही मुस्किल हालात थे.. माँ मालती देवी ने ये जिम्मा लेने की ठानी..लेकिन चार-चार बच्चो का पालन पोषण करना जिनमे से तीन अब स्कूल जाने लगे थे.. और फिर १३० किलोमीटर दूर आना-जाना एक ही दिन में करना.. बड़ा ही दूभर काम था..सास ससुर का खाना बनाना.पशुओं का चारे का प्रबंध करना.. कैसे होता होगा ये सब... दादी को लगा कि बहु अपने बेटे के चक्कर में मुझ पर काम का बोझ न बढ़ा दें इसलिए उसने अपने बड़े बेटे के पास जाने का फैसला कर लिया.. मालती देवी बेटे को लेकर आई तो सास ने फरमान सुना दिया अपने बच्चो का खुद इंतजाम करना.. मैं किसी की कोई आया या नाइन नहीं हूँ.. जो इन टाब्बरों को सारे दिन हांकती रहूँ..उस दिन सास बहु में झगडा हुआ.. मालती देवी को लगता कि सास डाक्टर के पास जाने देती, समय पर बुखार का इलाज हो जाता तो आज मेरे सुदीप को ये सब न होता..
रात को हरिप्रसाद ने पत्नी को समझाया कि इस रोग में बुखार बाद में होता है ये बुखार से होने वाला रोग नहीं है.. तुम क्यों माँ से लड़ रही हो.. और अगर उसे भाई के पास ही रहना है तो रहने दो.. हमें अपने बच्चो की परवरिश खुद करनी हैं..
अगले दिन दादी बड़े बेटे के यहाँ चली गयी..लेकिन दादा ने अपने छोटे बेटे के साथ रहने का फैसला किया..
दादा अपने भाइयों में सबसे बड़े थे..उनसे छोटे ६ भाई और तीन बहने थी.. एक बड़े भाई की म्रत्यु जवानी में ही हो गयी थी..उनकी दो बेटियां ही थी..खुद की पांच संतान ... तीन बेटे और २ बेटियां.. दादा ने ७ बच्चों की परवरिश की ... ४ बेटियों की शादी भी की.. दो बेटे बड़े थे और हरी प्रसाद सबसे छोटे.. परिवार को गॉव गमांड में परिवार को उसके नाम से जाना जाता.. इलाके का प्रतिष्ठित परिवार.. दादा बेहद ही सीधे इंसान.. इनके सीधे होने के चलते बड़े बेटे ने घर की सब सम्पति पर अपना कब्ज़ा किया हुआ था.. मझले बेटे ने सुगर मिल में कामदार की जॉब पकड़ ली.. और खेती बड़ी का काम छोटे बेटे के जिम्मे आ गया.. उनकी पढाई लिखाई पर किसी ने ध्यान नहीं दिया.. सब अपने अपने चक्कर में लगे रहते.. हरी प्रसाद जब तीसरी क्लास में पढ़ते थे तब से ही खेती में लगा दिया गया ...किसी तरह पढ़ते रहे.. दसवी क्लास में थे तो शादी हो गयी.. फिर यहाँ वहां नौकरी करते हुए घर का गुजरा करने लगे,, १२ वी की तो भविष्य की चिंता होने लगी.. अब बड़े दोनों भाई फसल बटवाने लगे तो मालती देवी खेती में पूरा हाथ बटाती.. प्रिगनेंट रहती तो भी खेती का काम देखती..
मालती देवी का सहयोग न होता तो हरी प्रसाद पढ़ भी पाते... नीलू के जन्म के समय तक वे टीचर ट्रेनिंग कर चुके थे..सुदीप के जन्म से कुछ दिन पहले ही अध्यापक बने थे..मकान भी बिना किसी के सहयोग के बनाया था..
माँ के बड़े भाई के यहाँ जाने के फैसले से हरी प्रसाद आहत जरुर हुए थे.. लेकिन हिम्मत नहीं हारी थी..
मालती देवी बेटे को लेकर डाक्टर के पास जाती.. हरी प्रसाद स्कूल से आते तो बच्चे भी आ चुके होते.. वो स्टोव पर खाना बनाते.. सुप्रिया पिताजी को रोटी बनाते देखती तो अन्दर तक दुखी हो जाती.. उसने कहा-"पिताजी मैं रोटी बनाउंगी.. "
हाँ बेटी तू बड़ी हो जा,, फिर तुझे ही तो ये सब करना है.."-पिताजी आहत मन से कहते...
एक बच्ची बिना उम्र के बड़ी हो रही थी.. तीसरी क्लास में आई तो नन्ही अँगुलियों से तवे पर रोटियां सकने लगी..कच्ची पक्की रोटियां बनाती.. पिताजी बड़े चाव से खाते .. बच्ची का हौसला बढता.. छोटी होते हुए भी सुप्रिया पर काम की जिम्मेवारी बढ़ने लगी.. साफ सफाई.. खाना.. बर्तन सब करती.. माँ के आने से पहले तक एक भी काम न छोडती.. माँ को भी फक्र होता कि मेरे बच्चे कितने नेक हैं.. सुकेश जरुर सुप्रिया को तंग करता लेकिन फिर भी सब भाई बहनों में बड़ा प्यार .. पिता के अध्यापक होने का दबाव उनके मन पर था.. कोई भी गलत काम करने से पहले मन में आ जाए कि एक टीचर के बच्चे हैं लोग क्या कहेंगे.. ऐसे ही माहौल में परवरिश हो रही थी..
. सुदीप भी अब ५ साल का हो गया लेकिन पेट के बल ही सरकता... हाँ बस इतना सुधार आया कि अब घुटनों के सहारे घिसड़कर जमीन पर चल लेता.. मोहल्ले के कुछ बच्चे उसके दोस्त बन गए.. महेश और राजेंद्र उसके हमउम्र थे.. तो पहले उनसे ही दोस्ती हुई..छोटे मोटे खेल खेलते.. सुदीप का दिमाग तीव्र गति से चलता ये बात हरी प्रसाद को समझ आने लगी थी.. उनका मन कहता कि बच्चा थोडा भी खड़ा होने लगे तो इसे स्कूल भेजा जाये..
सुप्रिया भाई का ख्याल रखती..जिस दिन उसकी छुट्टी होती और माँ को डाक्टर के पास नहीं जाना होता तो सुप्रिया ही भाई को नहलाती उसके कपडे बदलती..
कोई भी इलाज सुदीप पर कारगर नहीं हो रहा था.. माँ पिताजी सब परेशान..किसी ने बताया कि बुढाना कस्बे में बस स्टैंड के पास एक देशी वैद है .. जो इसी तरह के मरीजों का इलाज करता है.. सुदीप को इलाज के लिए वहां ले जाने का फैसला किया गया...
एक सुबह मास्टर हरी प्रसाद और मालती देवी सुकेश को लेकर बुढाना डॉ सुबोध के क्लिनिक पहुंचे.. सुदीप अब बातों को समझने लगा था.. वो सब बातों का बारीकी से निरीक्षण करता.. कहते हैं कि जब किसी का अंग भंग होता है तो उनकी संवेदना का स्तर बढ़ जाता है और उसकी उस अंग विशेष की ताक़त भी मस्तिष्क में चली जाती है..चुनांचे सुदीप का मस्तिष्क भी शीघ्रता से परिपक्व हो रहा था..हरी प्रसाद ने सुदीप को गोद से उतार एक बैंच पर बैठा दिया...डॉ सुबोध ने बताया कि ये लड़का तीन साल में सड़क पर दौड़ेगा... और आप यही इसी बेंच पर बैठे हुए देखोगे..उन्होंने कुछ मरीजों से बात करायी.. उनके माँ-बाप से बात करायी.. जिन्होंने बताया कि हमारा बच्चा भी पेट के बल सरकता था..इसे आज डॉ साहब ने इतना कर दिया कि अब धीरे-धीरे चलने लगा है.. सुदीप ये सब बाते सुन रहा था तो उसने कल्पना की कि एक दिन मैं भी और सब की तरह चल पाउँगा..
इलाज शुरू हो गया था.. हर तीसरे दिन डाक्टर बुलाता कुछ अजीब से तेल की मालिश करता और फिर पट्टियों को लपेट देता... पट्टियों के नीचे लकड़ी की खरपच्चिया होती जो सुदीप को चुभती और उसे परेशान करती.. उसका मन बाहर दोस्तों के साथ खेलने का करता..अब वो दीवार पकड़ कर थोडा चलने का प्रयास करता.. डॉ ने बताया कि इसे एक गडुलना लाकर दो ये उसे पकडकर चलेगा.. पिताजी बढई से एक गडुलना बनवाकर ले आये.. सुदीप अब गडुलने की सहायता से चलने का प्रयास करता... हर पंद्रह दिन बाद डॉ सुबोध दोनों पैरों पर प्लास्टर कर देता.. और फिर दो तीन दिन उसका चलना फिरना बंद हो जाता..इस इलाज से एक फायदा ये हो रहा था कि अब वो घर से बाहर कुछ कदम रखता ...उसे अनुभव होता कि दुनिया इस चारदीवारी से भी आगे है... माँ ने पिताजी को कहकर एक हिंदी का कायदा मंगवा दिया और एक स्लेट... अब सुदीप का स्कूल घर पर ही लगने लगा.. मध्यमा पास माँ उसे क ख ग पढ़ाती... स्लेट पर लिखाती... उसका कई बार मन नहीं होता तो माँ सख्ती दिखाती.... उसका पढाई में मन नहीं लगता... माँ घर के काम काज करती तो साथ में पीढ़े पर सुदीप को बैठा लेती.. और उससे पढने को कहती.. प्लास्टर और पट्टियों के बीच जूझता बालक कैसे पढाई में मन लगाये.. क्लास में तो मास्टर का ध्यान ज्यादा बच्चो पर रहता है लेकिन यहाँ तो एक अध्यापक और एक ही छात्र.. वो निगाह भी बचाए तो कैसे... माँ सख्ती करने लगी... हिंदी के कायदे का काला पन्ना जो कीस के भी होश उड़ा दे... माँ चाहती कि उसे वो काला पन्ना कंठस्थ हो... सुदीप को काले पन्ने के लिए मार भी लगती...तब सुदीप को स्कूल गयी बहन सुप्रिया की याद आती.. दीदी घर पर होती तो उसे पिटाई से बचा लेती.. वो दीदी के स्कूल से आने की प्रतिक्षा करता... सुप्रिया स्कूल से आती तो ही वो खाना खाता..
उम्र बढ़ने से शरीर का वजन भी बढ़ रहा था.. माँ डॉक्टर के पास जाती तो रिक्शा न लेकर पैदल ही जाती.. सात साल की उम्र के बच्चे को गोद में लेकर चलाना ऊपर से पट्टी और प्लास्टर का भी वजन.. माँ मुश्किलों से उसे ढाई-तीन किलोमीटर दूर बस अड्डे तक ले जाती और वहां से बस से बुढाना जाती... अब ये सब जिन्दगी का एक हिस्सा बन गया था..
वीरेंदर चाचा स्कूल में पढ़ते थे.. यशवीर चाचा फ़ौज में थे.. लेह में पोस्टिंग हुई ..वो फ़ौज से छुट्टी आये तो बादाम और अखरोट लाये.. सुदीप बहुत खुश हुआ.. उसने बादाम खाए, अखरोट उसे पसंद नहीं आये...चाचा जितने दिन छुट्टी आते तो रोज़ सुदीप से मिलने आते.. वो बहुत खुश होता.. चाचाजी सबको प्यार करते लेकिन सुदीप को कुछ ज्यादा..
चाचाजी की शादी हुई लेकिन सुदीप को पट्टियाँ बंधी होने के कारण कोई उसे बारात में नहीं ले गया..वो उस दिन बेहद दुखी हुआ..रोता रहा.. उसे यशवीर चाचा से बहुत लगाव था.. वो भी बारात में जाना चाहता था..उसने उस शाम खाना भी नहीं खाया..वो सोचता रहा कि मैं यूँ इस हाल में ना होता तो मैं भी सुकेश भैया और नीलू की तरह नए कपडे पहनता बारात का खाना खाता..रोत्ते रोते कब नींद आई होगी पता ही नहीं चला.
एक दिन माँ डाक्टर के पास से सुदीप को लेकर आ रही थी.. रास्ते में वीरेंदर चाचा मिले.. बोले- “भाभी सुदीप को मेरी साईकिल पर बैठा दो.मैं घर ही जा रहा हूँ.” ..माँ ने उसे साईकिल पर बैठा दिया.. चाचा उसे लेकर चल दिए, अभी गॉव में घुसे ही थे कि देखा कुछ बच्चे शोर मचा रहे थे.. साईकिल रोक वो उन्हें देखने लगे.. बच्चे एक टिड्डे को पकड़ने के लिए शोर मचा रहे थे.. चाचा भी उस मण्डली में शामिल हो गए...टिड्डा सुदीप की कमर पर आकर बैठा .. उसने जैसे ही उससे डरकर कमर को हिलाया.. साईकिल ने अपना बैलेंस खोया और साईकिल और सुदीप दोनों धडाम नीचे... बाए हाथ की कोहनी की हड्डी टूट गयी.. चाचा घबराकर भाग गए,.. सुदीप रोये जा रहा था.. माँ आई तो बहुत तमाशा हुआ.. चाचा जाकर खेत में छुप गए थे...अब खचेडू चुढ़े को बुलाया गया.. उसने सोचा कि कोहनी उतरी है हिलाडुला कर कुछ किया और लुडपुड़ी बनवाकर बांध दी..दर्द के मारे वो कराहता रहा..अलगे दिन सुबह होते ही पिताजी सुरेश डाक्टर के यहाँ ले गए..हाथ पर भी प्लास्टर बांध दिया...
सुदीप हाथ और पैर दोनों पर प्लास्टर देख रोता रहता..
माँ चाहती कि वो पढ़े.. अब हिंदी के साथ साथ गिनती का भी जोर होने लगा.. गिनती उसे फट से याद हो जाती.. २० तक के पहाड़े भी रट गए.. छोटे मोटे गुना भाग जोड़ घटा भी सीख गया. इन सबमें सुप्रिया का उसे भरपूर साथ मिलता..हाथ का प्लास्टर कट गया था..लेकिन अब कोहनी का मुड़ना बंद .. रोज़ गर्म पानी की सिकाई.. कभी कभी सुप्रिया भी झल्ला जाती कि सारा काम मेरे जिम्मे दिन में चार चार बार सिकाई... छोटी बच्ची ऊपर से काम का इतना बोझ.. लेकिन फिर सोचती मेरा भाई है जल्दी ठीक हो जायेगा.. ...
डॉ.सुबोध प्लास्टर के बाद पंद्रह दिन पैर खुले छोड़ देता ताकि जोड़ जाम न हो जाये.. पंद्रह दिन फिर पैरों की सिकाई होती और पैर को खोलने के लिए व्यायाम करना पड़ता.. सुदीप एक भी कम रोज़ रोज़ करने से उकता जाता.. लेकिन माँ कि सख्त हिदायत थी कि ठीक होना है दूसरे बच्चों की तरह चलना है तो ये सब करो..
माँ खेत का काम करती पशुओं का काम करती.सुदीप घर पर अकेला बोर हो जाता... बसंती दादी..उसे अपने दालान में बुला लेती.. बसंती दादी और हरी प्रसाद का एक ही दालान था बस बीच में एक दरवाजा लगा था.. जो सिर्फ रात में ही बंद होता.. दोनों परिवारों का एक ही नल था जिस पर दोनों परिवारों का काम होता था.. नहाना धोना,... बर्तन सब.. बिजली भी सिर्फ मास्टर हरी प्रसाद के यहाँ ही थी.. रात में दोनों परिवारों के बच्चे वहीँ पढ़ते थे..
इस बीच दादी की तबियत ख़राब चल रही थी.. माँ पिताजी ताउजी के यहाँ जाते.. उनकी सेवा करते.. ताई माँ मालती देवी के सामने दिखाती जैसे खूब सेवा करती है लेकिन वैसे कुछ नहीं करती.. माँ के दादी के पास जाते ही वहीं आ जाती ताकि सास-बहु मेरी बातें न करने लगे.. माँ दादी के बाल धोती.. कंधी करती उसके कपडे बदलती..कभी सुकेश भैया दादी से मिलने जाते तो दादी उसे ताऊ के बच्चो के कंचे दे देती और कहती मेरे छोटे पोते को दे देना..
एक दिन खबर आई कि दादी मर गयी.. उस दिन सब लोग ताऊजी के यहाँ गए.. सुदीप को खाना बसंती दादी ने खिलाया.. सुदीप को दादी के अंतिम दर्शन भी नहीं हुए.
********** *********** ********
अभी हाथ का प्लास्टर खुला नहीं था......माँ डॉ. सुबोध से सुदीप का इलाज करवाकर आ रही थी... पैसे बचाने के चलते उसने रिक्शा नहीं किया.. वो उसे गोद में ले वापिस आ रही थी.. रास्ते में फाटक पड़ते थे.. ट्रेन आने का समय था.. फाटक बंद... ऐसी स्थिति में अक्सर लोग फाटक के नीचे से निकलकर आते जाते.. माँ ने समय बचने के लिए फाटक के नीचे से निकलने का प्रयास किया.. एक फाटक पार करके दूसरा फाटक पार ही किया था कि पैर एक पत्थर से टकराया... माँ का संतुलन बिगड़ा तो उसने अपनी कोहनी नीचे टिका दी ताकि सुदीप के हाथ का प्लास्टर नीचे न लगे.. माँ जैसे-तैसे संभली दो कदम ही चली थी कि पैर के नीचे केले के छिलके के आ जाने से माँ का संतुलन फिर बिगड़ गया.. माँ ने फिर से कोहनी नीचे टिका दी..माँ की कोहनी लहुलुहान हो गयी..सुदीप की आँखों में आंसू थे.. वो किसी से कुछ कहने कि स्थिति में नहीं था लेकिन वो इन सब बातों से सीख रहा था और उसका मानसिक विकास और सामजिक विकास इन घटनाओं पर निर्भर था...
माँ के हाथों की चोट उसे परेशां कर रही थी..
दो दिन बाद फिर डाक्टर की विजिट थी....माँ जा नहीं सकती थी..पिताजी ने जाने का फैसला किया.. स्कूल से छुट्टी ली और बुढाना डॉ. सुबोध के पास चले गए..डॉ ने हाथ और पैर का प्लास्टर काट दिया और पैरों पर पट्टियाँ बांध दी.. पिताजी वहां से चलने के लिए बस स्टैंड पर आ गए.. अभी बस नहीं आई थी.. स्टैंड के पास एक बुजुर्ग और एक लड़की बैठे थे... पिताजी ने सुदीप को उनके पास बैठा दिया.. बुजुर्ग और पिताजी आपस में बाते करने लगे..बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो घर परिवार की बातें होने लगी..परिचय हुआ.. इस बीच बस आ गयी.. बस लगभग भरी हुई थी.. पिताजी और बुजुर्ग दो वाली एक सीट पर बैठ गए.. सुदीप को उस लड़की की गोद में बैठा दिया...उसका नाम सुधा था.. एकदम सीधी सादी लड़की.. सुधा ने सुदीप के पैरों पर पट्टियाँ लिपटी देखी और गले में पट्टी डालकर हाथ उसने डाले हुए.. वो थोड़ी मायूस सी हुई.. उसने पूछा-"तेरे पैर में ये पट्टी क्यों बंधी हैं."
सुदीप चुप बैठा रहा... सुधा ने फिर उत्सुकता दिखाई...पैर को हाथ लगाकर कहा-"दुखता है"
सुदीप ने रूखेपन में जबाब दिया-"नहीं"
आगे उनमे कोई बातचीत नहीं हुई.. पिताजी और बुजुर्ब बात करते रहे..शहर आने पर वो लोग उतरे.. पिताजी ने बस से उतरकर सुदीप को पास की दुकान पर खड़ी साईकिल पर बिठाया और गॉव आ गए..
शाम को पिताजी ने माँ को बताया-"आज बस में एक बुजुर्ग मिले उनकी पोती उनके साथ थी.. उनका रिश्ता बड़े भाई के मझले बेटे अखिल से तय हुआ था.. लेकिन भैया भाभी ने रिश्ता तोड़ दिया..बुजुर्ग ने अपनी पोती से मेरे पैर छुवाए.. मैंने उन्हें रिश्ते की हामी भर दी..कल भाई से बात करता हूँ..."
अगले दिन पिताजी ताउजी के पास गए और रिश्ते के बारे में पूछा, ताउजी ने कहा –“हरीप्रसाद तेरी भाभी मना कर रही है..
पिताजी ने कहा- "भाई मैंने जुबान दी है अब शादी तो वही से होगी..."
बड़े भाई ने छोटे भाई की जुबान का सम्मान करते हुए रिश्ता पक्का कर लिया... और अखिल की शादी सुधा से हो गयी..सुधा का परिवार गरीब था ... वो बारात का स्वागत बहुत अच्छे से नहीं कर पाए तो परिवार हरी प्रसाद से नाराज हुआ..
सुधा ताई की दूसरे नंबर की बहु थी..गरीब परिवार की लड़की ....कम दहेज़ ला पाई..उम्र भी कम ...बहु सास को पसंद नहीं आई.. अखिल का भी व्यवहार रुखा था.. एक लड़की अनजान घर में अपना घरबार सब छोड़कर जाती है.. एक पति अगर सही से व्यवहार करे तो उसके सब गिले शिकवे ख़त्म हो जाते हैं.. सुधा खुद को प्रताड़ित महसूस करती...लेकिन उसके अन्दर विरोध का स्वर ना था..लिहाजा रिश्ता टूटने के कगार पर आ गया.. सुधा का भाई आया.. परिवार ने बहु को रखने में अपनी असमर्थता जताई...हरी प्रसाद को बुलाने के लिए छोटे बेटे प्रदीप को गॉव भेजा गया... मालती देवी सुदीप को डाक्टर के पास ले जाने के लिए तैयार कर रही थी..उन्होंने प्रदीप को कहा---“तुम सुदीप को लेकर जाओ तेरे चाचा और मैं आते हैं”..सुदीप को प्रदीप की सायकिल पर बैठा दिया गया..अभी शहर से ३०० मीटर कि दूरी बची होगी कि सुदीप का पैर सायकिल के पहिये में आ गया..वाल्वबॉडी पैर में घुसी तो सायकिल चलना मुस्किल..सुदीप रोने लगा.. प्रदीप ने सायकिल रोकी.. लहुलुहान पैर देखा तो वो घबरा गया.. जैसे जैसे डॉ. सुरेश के क्लिनिक पहुंचे.. डॉ. सुरेश ने पट्टी बंधी लेकिन खून नहीं रुका.. तब तक हरी प्रकाश और मालती देवी भी आ चुके थे.. अब सुदीप को शिवमूर्ति के पास डॉ. राजेंद्र के पास ले जाया गया..वहां उसके पैर में ४ टांके लगे.. सुदीप को लेकर मालती देव घर आ गयी.. हरी प्रसाद अपने भाई के घर पहुंचे.. अखिल को समझाने के प्रयास होने लगे.. अखिल टस से मस होने को तैयार नहीं हुआ.. हरिप्रसाद असमंजस में पड़ गए..जब उन्हें कुछ रास्ता न सुझा तो उन्होंने कहा- “जब तक कुछ तय नहीं हो जाता सुधा गॉव में रहेगी.”. बहुत हा-हुल्ला के बाद सुधा गॉव आ गयी..
सुदीप की संवेदना इस तरह की घटनाओ से प्रभावित हो रही थी..बिना स्कूल जाये उसकी सामाजिक पाठशाला शुरू हो गयी थी..ये पहला अवसर था जब उसके दिल में स्त्री संवेदना का जन्म हुआ.. उसका हृदय रोने लगा.. वो माँ का समर्पण देख रहा था, वो बहन सुप्रिया का स्नेह देख रहा था ...उसने स्त्री को दादी के रूप में देखा था.. सब अपने थे.. स्त्री से एक नया रिश्ता देखा ..भाभी का रिश्ता ..उसे माँ ने बताया... भाभी भी माँ होती है भाभी माँ..सुधा से ये उसकी दूसरी मुलाकात थी.. उस दिन खाना सुधा ने ही बनाया...
सुदीप ने गुरु के रूप मे माँ को देखा.. माँ उसे पढ़ाती थी..उसे दुनियादारी सिखाती थी..वो माँ के प्रति और भाभी माँ का प्रति श्रद्धामय था..
अगले दिन माँ खेत में चली गयी.. भाभी माँ ने घर का काम किया..फुर्सत मिली तो सुदीप से बोली- " सुदीप खाना खाओगे..?"
"हाँ भाभी, बहुत भूख लगी है.."-ये सुदीप का सुधा से भाभी बनने के बाद पहला संवाद था.."
सुधा खाना लगा लायी..सुदीप खाना खाने लगा.सुधा बोली-"सुदीप तुम इतना कम क्यों बोलते हो?"
"भाभी क्या बोलू ... मैंने कुछ देखा ही नहीं.. घर से बाहर जाता ही नहीं... तो कुछ सीखा ही नहीं..माँ कहती है कि जब बात को जानो तब ही बोलो..वर्ना नहीं बोलो..."
"देवर जी तुम बहुत अच्छे हो..."
"पता नहीं ,, मुझे तो सुप्रिया दीदी ही अच्छी लगती है..."
"क्यों भाभी अच्छी नहीं है..?"
"भाभी तो माँ होती है ?"
"ये तुमसे किसने कहा?"
"माँ कहती है "
"अच्छा ,चाची ऐसा बोली थी"
हाँ भाभी, माँ ही मुझे पढ़ाती है वो ही सिखाती है सब कुछ..."
सुदीप सबसे ज्यादा बातें सुप्रिया दीदी से ही करता था.. उसने पहली बार किसी और से इतनी बात की...
“देवर जी आप बहुत सीधे- बहुत भोले हो” –सुधा भाभी ने कहा था..
“पता नहीं भाभी. मैं घर में ही रहता हूँ न..कहीं जाता नहीं ना ..मुझे पता नहीं कैसे बात करते हैं.भाभी मैंने कुछ गलत तो नहीं बोला. ?”
“नहीं देवर जी..आप ने कुछ भी तो गलत नहीं बोला.”
“कुछ गलत बोलूं तो मुझे आप ही डाट देना.. माँ को मत बताना..वर्ना तो डाट पड़ेगी.. माँ बूलेगी-तूने भाभी तो तंग किया.”.
“अरे, आप ऐसे क्यों बोल रहे हो..मैं चाची को तब बोलूंगी न जब आप मुझे तंग करोगे.”
“मुझे माँ की डाट से बहुत डर लगता है..जानती हो माँ को लगता है घर में मैं ही सबसे ज्यादा शरारती हूँ..नीलू को तो माँ सीधा समझती है.और नीलू तो सब शरारत करता है और फिर माँ के सामने सीधा बन जाता है. हम सबको उसकी वजह से डाट पड़ती है.”
“अच्छा नीलू इतने शरारती हैं. लगते तो बहुत सीधे हैं”.
“भाभी,सब ऐसे ही सोचते हैं..लेकिन वो ही मुझे डाट पड़वाता है..प्रिया दीदी ऐसा नहीं करती.दीदी मुझे बहुत प्यार करती है”.
“ये तो अच्छी बात है.. प्रिया आपको प्यार करती है..करें क्यों न.. आप हो ही इतने प्यारे..”
भाभी ने आगे कहा-“ देवर जी आप बड़ा होकर क्या बनना चाहते हो ?”
“चलूँगा तो बनूँगा ना “-कहकर सुदीप की आँखों में आंसू आ गए.
“दिल छोटा न करो.. आप ठीक हो जाओगे..मेरा मन कहता है”
“पता नहीं .. माँ भी कहती है कि मैं अपने बेटे के लिए इतनी हितया भर रही हूँ ..एक दिन उसे अपने पैरों पर चलते देखना चाहती हूँ..”
“एक दिन चाची के मन की जरुर पूरी होगी..”
उस दिन सुदीप की आँखों में आंसू थे..सुधा ने उन आंसुओं को पोंछने के लिए हाथ बढाया लेकिन कुछ सोचकर हाथ रोक दिए,,
क्रमशः